मेरठ में कुख्यात सारिक व सलमान में छिड़ी गैंगवार की पटकथा भगत सिंह मार्केट में करोड़ों की विवादित संपत्ति की वजह से लिखी गई। दोनों कुख्यात इस जमीन को कौड़ियों के भाव खरीदने की फिराक में थे। जिसे लेकर पनपी खूनी अदावत में दोनों पक्ष एक-दूसरे गैंग से जुड़े लोगों की हत्या कराने में लगे हैं। कुख्यात सारिक ने साठगांठ कर इस जमीन को सस्ते में खरीद लिया। जिसके बाद गैंगवार और गहरी हो गई।
दोनों कुख्यातों के बीच गैंगवार के पीछे संपत्ति विवाद है, यह राज दोहरे हत्याकांड की जांच के बाद हुआ है। इस गैंगवार में दोनों पक्षों से करीब 100 से अधिक लोग कुख्यातों से जुड़े हैं। हापुड़ रोड स्थित ढबाई नगर में दो नवंबर को सलीम और शम्मी की हत्या हुई थी। इन हत्याओं के पीछे सलमान व सारिक की गैंगवार सामने आई है। कुछ लोग निशाने पर हैं, जिसका इनपुट पुलिस को मिल रहा है। एसएसपी गैंगवार रोकने के प्रयास में हैं। पुलिस पर भी कुख्यातों की गैंगवार में मदद करने के आरोप लगे, जिसके सुबूत मिलने पर दो हेड कांस्टेबलों व तीन सिपाहियों को सस्पेंड किया जा चुका है।
नईम गाजी की हत्या के बाद खेल शुरू
पुलिस के अनुसार भगत सिंह मार्केट के प्रधान नईम गाजी की हत्या करोड़ों की जमीन को लेकर 12 दिसंबर 2016 को हुई थी। जेल में बंद कुख्यात सलमान से मार्केट की विवादित जमीन का सौदा 80 लाख रुपये में हुआ। बात चल ही रही थी कि सलमान का डासना जेल ट्रांसफर हो गया। यह बात सारिक को पता चली तो उसने यही जमीन 90 लाख रुपये में खरीदी। जिसमें सलमान का चाचा आरिफ आड़े आ रहा था। सारिक ने आरिफ की हत्या 10 जुलाई 2017 को करा दी। नवीन फल मंडी प्रधान रहीसुद्दीन और ढबाई नगर डबल मर्डर इसी गैंगवार का नतीजा है।
पढ़ें : जीजा से अवैध संबंध मामले में युवती की हत्या, खेत में पड़ा मिला शव