नहीं खुला विस्फोट का राज, घटनास्थल से नमूने लिए
मेरठ। दवा कारोबारी राजीव शर्मा की मौत की जांच फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने शुरू कर दी है। घटनास्थल से सैंपल लेकर फॉरेंसिक लैब में भेजे गए। इस पड़ताल के बाद बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। अब तक की जांच में दवा गोदाम में आग का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
नौचंदी थानाक्षेत्र में फूल बाग कॉलोनी स्थित नेहरू नगर में शनिवार तड़के विस्फोट के बाद दवा गोदाम में आग लगी थी। जिसमें कारोबारी राजीव शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार को फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर दोबारा से जांच की और सैंपल भी लिए। पुलिस की प्राथमिक जांच में दवा गोदाम में काफी मात्रा में सैनिटाइजर की वजह से आग ही मानी जा रही है। इसके बाद विस्फोट हुआ था।
फॉरेंसिक टीम में घटनास्थल से लिए गए सैंपल को निवाड़ी फॉरेंसिक लैब में भेज दिया है। दावा किया गया है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद की स्थिति स्पष्ट होगी कि आखिर गोदाम में कैसे आग लगी व कैसे विस्फोट हुआ है। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित परिवार से जानकारी ली है। आग का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर जाकर नमूने भरवा लिए। जांच प्रक्रिया में अग्निशमन विभाग की भी मदद ली जा रही है।
---