इंस्पेक्टर नौचंदी पर लगाया रिश्वत लेने का आरोप, सीओ कोतवाली को सौंपी जांच
मेरठ। इंस्पेक्टर नौचंदी प्रेमचंद शर्मा पर 50 हजार रुपए रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए एसएसपी ऑफिस में शिकायत पत्र दिया गया। इस पर जांच शुरू कर दी गई और सीओ कोतवाली से रिपोर्ट मांगी गई है। आरोप है कि एक मामले में रिश्वत लेकर उसे छोड़ दिया और रिश्वत न देने पर बेटा जेल भेज दिया गया।
हापुड़ रोड पर एक शादी समारोह के दौरान सारिक और सलमान गैंग के बदमाशों के बीच मारपीट और फायरिंग हुई थी। इस मामले में मोमिननगर लिसाड़ी गेट के रहने वाले मंजूर मलिक व उसके बेटे को 20 मई 2021 को नौचंदी थाना पुलिस उठाकर ले गई। आरोप है कि पुलिस द्वारा एक लाख रुपए की मांग की गई थी। इसमें वह 50 हजार रुपए अपने रिश्तेदारों से लेकर इकट्ठा कर पाए। इसे लेकर नौचंदी पुलिस ने मंजूर को छोड़ दिया और उसके बेटे अनस को जेल भेज दिया।
शनिवार को मंजूर मलिक ने एसएसपी ऑफिस में इस मामले की शिकायत की और पैसा दिलाने की मांग की। मंजूर को पीली पर्ची दे दी गई और जांच सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया को सौंपी गई। इंस्पेक्टर नौचंदी प्रेमचंद शर्मा ने कहा कि आरोप बेबुनियाद हैं। शातिर अपराधी सारिक और सलमान के बीच गैंगवार चल रही है। इस मामले में कोई रिश्वत नहीं ली गई।
---
इस मामले की जानकारी मुझे नहीं है। अगर कोई शिकायत आई है तो पहले जांच होगी उसके बाद कार्रवाई होगी। दो शातिर बदमाशों के बीच गैंगवार को लेकर फायरिंग हुई थी। जिसमें कई लोग जेल गए।
विनीत भटनागर, एसपी सिटी