भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत
- फोटो : अमर उजाला
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने पश्चिम यूपी के किसानों से आह्वान कि हरियाणा के चुनाव में समय निकालकर चक्कर लगाओ। पलटा लगाकर अपना बदला चुका लेना। भाजपा इस बार जम्मू से भी जाएगी और हरियाणा से भी। साथ ही उन्होंने छह अक्तूबर को लखनऊ में पंचायत का एलान किया। किसान भवन पर पंचायत में भाकियू प्रवक्ता ने कहा कि सरकार खाप पंचायतों को तोड़ने का काम कर रही है। सरकारी खाप बनाई जा रही है। कई किसान संगठन बनवा दिए। जातिगत किसान संगठन भी बनाए जा रहे हैं । उन्होंने कहा हरियाणा का उधार उतारने का समय आ गया।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के इरादे खतरनाक हैं। पहले से ही सरकार का एजेंडा तैयार हो गया है। हिंदू मुस्लिम का माहौल बनाया जा रहा है। सत्ता परिवर्तन बांग्लादेश में हुआ है और दर्द यहां हो रहा है, वहां लाठी लेकर एक भी नहीं गया। हम ट्रैक्टर लेकर चले जाएंगे, बॉर्डर पार करवा दो दंगा तुरंत रोक देंगे। इसके साथ ही दूसरा एजेंडा खाप पंचायत को तोड़कर सरकारी खाप व किसान संगठन बनाना है।उन्होंने कहा हरियाणा के किसानों का आंदोलन में पूरा सहयोग रहता है। उनका उधार उतारने का समय आ गया है। 750 किसान शहीद हो चुके हैं।
देश के व्यापारी महंगे दामों पर जमीन खरीद रहे हैं, फसल सस्ती है। गांव में बीमारी की तरह प्राइवेट बैंक आ गए हैं। गांव की महिलाओं को कर्ज दे रहे हैं, कर्ज से काम नहीं चलेगा। उन्होंने किसानों से तीज त्यौहार होली, दीपावली व करवा चौथ कम खर्चे से मनाने की सलाह दी। बाजार में लूट मची है, इससे बचो।