ऊर्जा भवन पर अपनी मांगों को लेकर धरना देते भाकियू किसान सभा के पदाधिकारी
बिजली समस्याओं को लेकर बिफरे, अफसरों ने दिवाली के बाद कार्रवाई का भरोसा देकर भेजा
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। बिजली समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन किसान सभा अराजनीतिक के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को ऊर्जा विभाग में प्रदर्शन किया। बाद में अधिकारियों के समझाने के बाद कार्यकर्ता धरने से उठे। अधिकारियों की ओर से उनकी समस्याओं को लेकर एक कमेटी बनाने का आश्वासन दिया गया।
भारतीय किसान यूनियन किसान सभा के जिला अध्यक्ष निखिल राव के नेतृत्व में किसान ऊर्जा भवन पहुंचे। उन्होंने सरधना क्षेत्र के बिजली अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली के बिल गलत बनकर आ रहे हैं। खराब मीटर को समय पर नहीं बदला जा रहा है। नए कनेक्शन के नाम पर उपभोक्ताओं से अनावश्यक वसूली की जा रही है। इन सब समस्याओं के कारण क्षेत्र के किसान परेशान है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही किसानों की समस्याओं को दूर नहीं किया गया तो एक बड़ा आंदोलन ऊर्जा भवन पर किया जाएगा। इस दौरान किसान भवन के बाहर ही धरने पर बैठ गए। बाद में निदेशक वाणिज्य संजय जैन ने उनसे वार्ता की और दिवाली के बाद सभी शिकायतों को लेकर एक कमेटी बनाकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस दौरान सहदेव पाल, रईस चौधरी, असलम, हमजा, मोनशि, अमित आदि मौजूद रहे।