खाद की किल्लत, बिजली समस्या को लेकर तहसील में ज्ञापन दिया
संवाद
मेरठ। भारतीय किसान यूनियन धनसिंह कोतवाल गुट के पदाधिकारियों ने सोमवार को सदर तहसील पहुंचकर किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने तहसील दिवस में मौजूद अधिकारियों को एक ज्ञापन देकर समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुर्जर के निर्देश पर जिला अध्यक्ष अभिषेक चपराणा के नेतृत्व में काफी संख्या में कार्यकर्ता और किसान सदर तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देकर बेसहारा पशुओं की समस्या, खाद किल्लत और बिजली आपूर्ति संबंधी कई समस्याएं उठाईं। उन्होंने इन सभी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने कांवड़ मार्गों पर बिजली पानी आदि की बेहतर व्यवस्था कराने की मांग की। संगठन की ओर से सभी तहसील में अधिकारियों को यह ज्ञापन दिया गया। इस दौरान अमन, नईम, विकास, कासिफ, सनी कसाना आदि संख्या में लोग मौजूद रहे।