- कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। भारतीय किसान यूनियन संघर्ष (अराजनीतिक) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन जनहित से जुड़ी विभिन्न गंभीर समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए दिया गया। संगठन ने आम जनता और राहगीरों की परेशानियों को दूर करने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से कामिल पेट्रोल पंप के आगे हस्तिनापुर रोड पर गहरे गड्ढों का मुद्दा उठाया गया। संगठन ने इन गड्ढों को शीघ्र भरवाने की मांग की है। मवाना से मखदूमपुर को जाने वाला रास्ता भी ठीक हालत में नहीं है। आगामी मेले की शुरुआत होने से पहले मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की गई। संगठन ने शहर की यातायात व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता जताई है। मवाना के अंदर ई-रिक्शा के कारण आए दिन भारी जाम की स्थिति बनी रहती है।
संगठन ने इन बिना अनुमति वाले ई-रिक्शा को शीघ्र बंद कराने की मांग की है। मुख्य सड़क के किनारे शाम के समय ठेला लगाने वालों के कारण भी रास्ता अवरुद्ध होता है। इससे जाम की समस्या गंभीर बनी रहती है। वर्तमान में शुगर मिल चालू होने के कारण ट्रैक्टर और बुग्गी भी गन्ना लेकर शहर के भीतर आते हैं। इससे शहर में आवागमन और अधिक बाधित होता है।
ठेला चालकों के लिए वैकल्पिक स्थान
भारतीय किसान यूनियन ने ठेला चालकों के लिए मुख्य सड़क के अतिरिक्त अन्य उचित स्थान चिह्नित करने की मांग की है। संगठन चाहता है कि ठेला चालक वहीं पर अपनी दुकानें लगाएं। ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष कपिल प्रधान, मनवीर गुर्जर, सचिन मोरवाल, रविन्द्र मावी, डॉ. अभय प्रधान, फरीकू राठी, हुरेश, जाने आलम, नवनीत मोरवाल, रोकी मोरवाल, विकास और संदीप सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।