सिखेडा, नंगला मुख्तियारपुर में सर्विस रोड और दौराला में इंटरचेंज की मांग
-सोमवार को शुरू हुआ धरना अब सांकेतिक में बदला
फोटो समाचार
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। एनएच- 58 से मवाना रोड, गढ़ रोड को जोड़ने वाली निर्माणाधीन आउटर रिंग रोड पर सिखेड़ा में बनाए गए टोल प्लाजा पर भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने डेरा डाल दिया है। जहां सोमवार को बड़ी संख्या में किसानों ने टोल पर पहुंचकर वाहनों से टोल वसूली बंद कराई थी वहीं अधिकारियों के शीघ्र विकास कार्य पूरा कराने और जब तक टोल शुरू न किए जाने के आश्वासन पर पूर्णत धरना खत्म करने की बजाय, पांच आदमियों से सांकेतिक धरना शुरू कर दिया है। किसानों की चेतावनी है कि जब तक दौराला में इंटरचेंज, सिखेडा, नंगला मुख्तियारपुर में सर्विस रोड नहीं बनेगी और हाईवे पर एंबुलेंस, लाइट, पेट्रोलिंग की व्यवस्था नहीं होगी, तब तक धरना जारी रहेगा।
दरअसल, दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे -58 से मवाना रोड, किला परीक्षितगढ़ रोड और गढ़ रोड से गंगा एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले आउटर रिंग रोड का निर्माण अभी मवाना रोड तक ही हुआ है, जो जगह-जगह अधूरा है। भाकियू (भानू) के जिलाध्यक्ष ठाकुर उमेश राणा के नेतृत्व में सोमवार को किसानों ने नारेबाजी करते हुए टोल का शुभारंभ भी रुकवा दिया था। सभी किसान देर रात तक धरने पर रहे थे। मौके पर पहुंचे सीओ सदर देहात सुधीर सिंह, तहसीलदार सदर रवि प्रजापति और एनएचएआई के अधिकारियों ने हाईवे के सभी काम पूरे होने के बाद ही टोल वसूली शुरू किए जाने का आश्वासन दिया था। जिसपर किसानों ने धरना स्थल पर किसानों की संख्या कम करने पर सहमति जता दी थी।
जिलाध्यक्ष का कहना है कि जो भी संगठन की मांग हैं उनको एनएचएआई पूरा कराएगा। अन्यथा प्रतिदिन पांच कार्यकर्ता धरना स्थल पर रहेंगे। मंगलवार को भी किसानों का धरना जारी रहा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष के अलावा युवा क्षेत्रीय अध्यक्ष हरेंद्र मोरल, मित्रपाल चौहान, नवदेश चौहान, नितिन चौधरी, मोनू सिंह, हृदयेश चौहान आदि किसान मौजूद रहे।