सरधना। थाना क्षेत्र के कपसाढ़ गांव स्थित एक हडवारे में 20 से अधिक संरक्षित पशुओं के शव मिलने से सनसनी फैल गई। इन मृत संरक्षित पशुओं के अवशेषों को कुत्ते नोचते देखे गए। इसका वीडियो भाजपा के जिला आईटी विभाग के संयोजक नागेंद्र राठी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी को टैग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नागेंद्र राठी ने बताया कि यह हडवारा गंगनहर पटरी मार्ग से लगभग 100 मीटर और चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग से करीब 125 मीटर की दूरी पर स्थित है। 11 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों कांवड़िए इसी मार्ग से गुजरेंगे। ऐसे में मृत संरक्षित पशुओं से उठती दुर्गंध और गंदगी के कारण उन्हें काफी परेशानी हो सकती है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि हवा पूरब दिशा से चली तो कांवड़ियों के लिए इस मार्ग से गुजरना बेहद कठिन हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।