मेरठ। कांग्रेस पार्टी ने संगठन की मजबूती को लेकर आत्ममंथन शुरू कर दिया है। पार्टी के जिम्मेदार नेता कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी धीरज गुर्जर बुढ़ाना गेट स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया।
धीरज गुर्जर ने कहा नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने वाले किसानों के साथ सरकार का रवैया किसी से छिपा नहीं है। भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। किसान ही आगामी चुनावों में सरकार को जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि यह धर्म युद्ध है, जिसमें भाजपा कौरव की भूमिका में है। जब-जब अधर्म बढे़गा, कांग्रेस विरोधी के रूप में सबसे आगे खड़ी होगी। उन्होंने गुटबाजी को लेकर भी कार्यकर्ताओं को आइना दिखाने का प्रयास किया। इस दौरान शहर और जिले के कार्यकर्ताओं से उन्होंने अलग-अलग बात की। धीरज गुर्जर ने कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर संगठन जमीनी स्तर पर तैयारी कर रहा है। आने वाला समय कांग्रेस का है। यहां मेरठ प्रभारी शोएब, जिलाध्यक्ष अवनीश काजला, शहर अध्यक्ष जाहिद अंसारी, पंडित नवनीत नागर, यूसुफ कुरैशी, अखिल कौशिक, हरिकिशन आंबेडकर, सीमा जाटव, आस्था वर्मा मौजूद रहे।