मेरठ। भाजपा ने मंडल अध्यक्षों के चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। 12 और 13 दिसंबर को मंडल अध्यक्षों के लिए नामांकन पत्र भरे जाएंगे और उसी दिन नामांकन पत्रों की जांच होगी। आम सहमति से अध्यक्षों का चुनाव कराने की तैयारी की गई है। इसमें पार्टी द्वारा निर्धारित किए गए मानक पूरे करने होंगे।
भाजपा ने संगठन चुनाव की प्रक्रिया में बूथ समितियों का गठन पूरा हो चुका है। अब मंडल अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभी बूथ समितियों का सत्यापन किया जाएगा। जिला चुनाव अधिकारी सलित विश्नोई, सह चुनाव अधिकारी गजेंद्र शर्मा और राखी त्यागी ने मंडल अध्यक्षों का चुनावी कार्यक्रम जारी किया है। इसके अनुसार 12 दिसंबर को कैंट विधानसभा क्षेत्र के पल्लवपुरम, मुल्तान नगर, छावनी, कंकरखेड़ा मंडल, मेरठ दक्षिण विधानसभा के जागृति विहार व शास्त्रीनगर, मेरठ शहर विधानसभा के अग्रसेन व ब्रह्मपुरी मंडल में सुबह दस से साढ़े 11 बजे तक नामांकन पत्र जमा होंगे।
इसके बाद साढ़े 11 बजे से 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। 13 दिसंबर को मेरठ दक्षिण विधानसभा के देहात, रिठानी, माधवपुरम व मलियाना मंडल, मेरठ शहर के फूलबाग व नगर मंडल और मेरठ कैंट के गंगानगर और पटेल नगर मंडलों में इसी तरह से चुनावी प्रक्रिया होगी। मंडल अध्यक्षों के लिए 35 से 45 वर्ष की आयु तय की गई है। दो बार के मंडल अध्यक्षों को तीसरी बार लगातार नहीं चुना जाएगा। पहले पार्टी पदाधिकारी रह चुके लोगों को ही मंडल अध्यक्ष बनाया जाएगा।
महिलाओं को भी मंडल अध्यक्ष चुना जाएगा। निर्धारित आयु सीमा में महिलाओं और अनुसूचित जाति के नेताओं को छूट दी जाएगी। नामांकन पत्र मंडल चुनाव सहयोगी द्वारा चुनाव स्थल पर ही दिए जाएंगे। मंडल अध्यक्षों का चुनाव आपसी सहमति से कराने के प्रयास किए जाएंगे।