हाईवे स्थित खड़ौली गांव के एक व्यक्ति ने क्षेत्रीय भाजपा पार्षद पति पर धमकी देने व अनावश्यक दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि पार्षद पति ने धमकी दी है कि मुझसे ऑफिस में आकर मिलो वरना अंजाम बहुत बुरा होगा।
बुधवार देर शाम थाने पहुंचे रियाजुदीन पुत्र हाजी अबकर निवासी गांव खड़ौली ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसके छोटे भाई सद्दाम हुसैन का गांव में प्रधानमंत्री योजनाओं से संबंधित पीएमवाईकेआई का सेंटर है। आरोप है कि क्षेत्रीय पार्षद रेनू सैनी के पति मनोज सैनी ने सद्दाम के मोबाइल फोन पर कॉल करके कहा कि तुम प्रधानमंत्री द्वारा चलाई जा रही सरकारी योजनाओं का बहुत लाभ उठा रहे हो। उसमें मेरा भी हिस्सा बनता है। मेरा हिस्सा नहीं मिला तो अंजाम बहुत बुरा होगा। किसी झूठे मामले में फंसा कर जेल भिजवा दूंगा। पीड़ित ने तहरीर दी है। इंस्पेक्टर दीपक शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं पार्षद पति मनोज सैनी का कहना है कि पठानपुरा गांव से दो बच्चे उनके पास आए थे। उन्होंने बताया था कि प्रधानमंत्री योजना के तहत सेंटर पर सद्दाम को नि:शुल्क कंप्यूटर सिखाना चाहिए, लेकिन हमसे फीस मांग रहा है। बच्चों की शिकायत पर सद्दाम को कॉल करके मामले की जानकारी की थी। मैंने उसे कोई धमकी नहीं दी और कोई अनावश्यक दबाव नहीं बनाया। सभी आरोप बेबुनियाद हैं।