गढ़ रोड पर मंगलवार रात को वैगनआर कार सवार तीन युवकों ने भाजपा नेता राहुल ठाकुर से गाली गलौज करते हुए धमकी दे दी। भाजपा नेता के विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचा तानते हुए धमकी दी। पीड़ित द्वारा फायरिंग की सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची। तेजगढ़ी पर मेडिकल पुलिस ने घेराबंदी करते हुए तीनों आरोपी युवकों को पकड़ लिया। उधर, भाजपा नेता ने तहरीर देने से इंकार कर दिया।
जागृति विहार निवासी भाजपा नेता राहुल ठाकुर बाइक से अपने घर जा रहे थे। आरोप है कि सोहराब गेट बस अड्डे पर बस अड्डे के पास गढ़ रोड पर वैगन आर कार सवार तीन युवक उत्पात मचा रहे थे। इस बीच आरोपियों ने भाजपा नेता की बाइक में टक्कर मार दी। भाजपा नेता को धमकी देते हुए तमंचा तान दिया।
आरोपियों ने बाइक सवार दंपति से भी अभद्रता की। महिला ने शोर मचाया तो आरोपी कार लेकर भाग निकले। पुलिस को फायरिंग की सूचना मिली तो तेजगढ़ी चौराहे पर मेडिकल पुलिस ने कार को रोक लिया। इस बीच भाजपा नेता भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस तीनों युवकों को लेकर मेडिकल थाने पहुंची। पुलिस ने बताया कि तीनों युवक नशे की हालत में थे, लेकिन उनके पास से तमंचा नहीं मिला। पुलिस ने तीनों का रात में ही मेडिकल कराया है।
रात में भाजपा नेता के पक्ष में अन्य लोग भी थाने पहुंचे और हंगामा कर दिया। पुलिस ने बताया कि तीनों युवकों ने अपने को गाजियाबाद के निवाड़ी निवासी बताया है। जिनमें एक ने अपने को सिपाही का बेटा बताया है, जबकि दूसरा खुद को सीसीएसयू का छात्रनेता बता रहा है।
वहीं भाजपा नेता ने रात में आरोपियों के खिलाफ तहरीर देने से इंकार कर दिया। सीओ सिविल लाइन रितेश कुमार का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जायेगी।