सर्किट हाउस में सपा व्यापार सभा के नेता
- फोटो : अमर उजाला
सपा व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हुलाश राय सिंघल ने कहा कि सपा व्यापारियों की हितैषी है, जबकि भाजपा ने व्यापारियों को कुछ नहीं दिया। व्यापारियों को केवल लंच से मंच तक की व्यवस्थाओं में ही शामिल रखा, उनके भले के लिए कुछ नहीं किया।
हुलाश राय सिंघल मंगलवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने मुख्यमंत्री रहते हुए उप्र से चुंगी समाप्त की, जिसका सबसे अधिक लाभ व्यापारियों को मिला। आयकर और व्यापार कर में सरलीकरण किया। अब व्यापारी कार्यालयों के चक्कर काटने के बजाय घर बैठे ऑनलाइन आयकर और व्यापार कर के फार्म भर सकते हैं। भाजपा ने तो केवल व्यापारियों को इमोशनली ब्लैकमेल ही किया है।
उप्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवा हो या मेट्रो रेल, सड़कों का जाल बिछाने का काम भी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया है। पूरे उप्र में सपा व्यापार सभा व्यापारियों के महासम्मेलन कर रही है। इसी कड़ी में 11 अगस्त को मेरठ में मंडल स्तरीय व्यापारी महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसकी मुख्य जिम्मेदारी पिंटू राणा को दी गई है। उनका साथ प्रदीप कुमार, नरेश चौधरी, मुकुल जैन आदि देंगे।
सिंघल ने कहा कि छावनी क्षेत्र में बंगला नंबर 210 बी को ध्वस्त करते समय हुई घटना बेहद दर्दनाक है। पीड़ित परिवारों को सहायता देने के लिए उप्र सरकार से बात की जाएगी। प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय महासचिव नरेंद्र गुप्ता, प्रदीप सिंह, राजू मित्तल, सलाउद्दीन अंसारी, राकेश सैनी, अरशद मक्की, जावेद अंसारी, स. चरनजीत सिंह, ब्रिजेश त्यागी, अजय शर्मा, संजय चौहान आदि मौजूद रहे।