मुजफ्फरनगर में ब्राह्मण समाज के कार्यक्रम में गोहत्या पर दिए गए विवादित बयान को लेकर खतौली विधानसभा सीट से भाजपा विधायक विक्रम सैनी फिर सुर्खियों में आ गए हैं। हालांकि विधायक हमेशा की तरह अपने विवादित बयान से एक बार फिर मुकर गए हैं। उनका कहना है कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। शहर में भोपा रोड स्थित एक बैंक्वेट हाल में रविवार को आयोजित ब्राह्मण समाज के एक कार्यक्रम में दिया गया खतौली विधायक विक्रम सैनी का बयान सुर्खियां बना हुआ है।
विधायक विक्रम सैनी ने कह दिया कि जो काम महाराज परशुराम जी ने किया था अत्याचारियों का सफाया, वही काम हमारी सरकार कर रही है और ऐसा होता रहेगा। हमारे योगी जी मुख्यमंत्री हैं, उन्होंने साफ कह रखा है कि जो ऐसे लोग हैं, उन्हें ऊपर पहुंचा दो। विधायक विक्रम सैनी ने कहा कि मैंने चुनाव में कहा था कि जिसका सीना वंदेमातरम कहते हुए चौड़ा होता हो, जो गाय को अपनी माता मानता हो, ऐसे लोगों के वोट मुझे चाहिए और जो यह नहीं करता हो, उनका वोट नहीं चाहिए। ऐसा बोलकर जिले में सबसे अधिक वोट लेकर चुनाव जीता हूं।
पढ़ें : जेल जा चुके भाजपा विधायक के बिगड़े बोल, गाय का अपमान करने पर तोड़ दूंगा हाथ-पैर