शामली जनपद में पिछले पांच दिन से कोरोना संक्रमित का नया केस नहीं आया है। बुधवार देर रात सभी 114 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इससे स्वास्थ्य विभाग समेत जनपदवासियों को राहत मिली है। जिले में अभी तक मिले 17 कोरोना संक्रमित युवकों का कोविड अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बिजनौर में कोरोना को हराने के लिए पुलिस प्रशासन लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने में जुटी है लेकिन जनता अब भी घरों से बाहर निकलने में नहीं डर रही है। जिले में अब तक कोरोना के 27 केस आ चुके हैं। नहटौर थाने के एक दरोगा में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है।
दरोगा के संपर्क में आए कई पुलिसकर्मियों का भी सैंपल लेकर जांच को भेजा गया था। आज इन पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट आएगी। ये पुलिसकर्मी पहले से ही क्वारंटीन किए गए हैं। पूरा थाना सील है। नहटौर में अस्थायी पुलिस थाना बनाया गया है।
बागपत जनपद में पुलिस ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे और बागपत-मेरठ मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। सुबह 10 बजे तक 15 चालान काटे गए हैं । रमजान निकट होने की वजह से बाजार में भीड़ बढ़नी शुरू हो गई है।