शास्त्रीनगर एल ब्लॉक में शुक्रवार रात गोली लगने से घायल भाजपा नेता कुलदीप तोमर की पत्नी ने शनिवार दोपहर इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। महिला के भाई ने जीजा समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों को हत्या के केस में नामजद करते हुए मेडिकल थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने भाजपा नेता की तलाश में दबिश दी। लेकिन वह फरार हो गया।
मुंडाली थानाक्षेत्र अंतर्गत नंगलामल निवासी भाजपा नेता कुलदीप तोमर अपनी पत्नी पूनम तोमर (32) और छह साल की बेटी के साथ शास्त्रीनगर एल ब्लॉक में रहता था। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार आधी रात कुलदीप अपने घर पहुंचा था। रोजाना सुबह को बच्ची को स्कूल छोड़ने की बात पर दंपति में विवाद हुआ था। जिस पर कुलदीप ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारने की बात कही थी। जिस पर पूनम अपने पति को रोकने लगी। तभी गोली चली जो पूनम की गर्दन के पार निकल गई। कुलदीप ने पत्नी को आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया। शनिवार दोपहर पूनम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना पर सहारनपुर के बिलालसी के खेड़ी गांव निवासी पूनम के मायके वाले भी अस्पताल पहुंच गए। पूनम के भाई अमित ठाकुर ने कुलदीप, उसके भांजे अमित चौहान उर्फ मोंटू, बहन अंजू, मां सुरता के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है।