भाकियू कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को धामपुर वितरण खंड द्वितीय के एक्सईएन अमित सक्सेना पर चेकिंग के नाम पर उत्पीड़न करने और विरोध करने पर जेल भेजवाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए उन्हें धूप में बैठाकर प्रदर्शन कर घेराव किया। भाकियू की ओर से मंगलवार को तहसील क्षेत्र के किसान तहसील में एकत्र हुए। पहले भाकियू संस्थापक बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्य तिथि पर कार्यक्रम का आयोजन किया। इसके बाद किसान समस्याओं पर चर्चा की गई।
किसानों ने कहा कि अफजलगढ़ क्षेत्र में किसानों की बिजली की समस्याओं का निदान वहां के अधिकारियों द्वारा समय से नहीं किया जा रहा है। यदि कोई अधिकारियों से समस्या का निदान कराने को ऊंची आवाज में बात करने का प्रयास करता है तो वह अभद्रता करते हैं। चेकिंग के नाम पर किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। एक ही कैंपस में यदि कोई किसान परिवार के साथ रहता है तो उसके दो बेटे शादी शुदा है तो उनके पुत्रों के खिलाफ पुलिस में बिजली चोरी करने का रिपोर्ट कायम करने की धमकी दी जा रही है। किसानों की समस्याओं को सुनने के बाद कार्यकर्ताओं ने अफजलगढ़ क्षेत्र के एक्सईएन को तहसील में मीटिंग के बीच में बुलाकर निदान कराने को बुलाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान एक्सईएन अमित सक्सेना ने किसानों की बात को ठुकरा दिया। इस पर किसानों का गुस्सा भड़क गया। किसान लामबंद होकर उनके कार्यालय में जा पहुंचे। कार्यालय में पहुंचने पर किसानों की पहले एक्सईएन से नोकझोंक हुई बाद में किसान एक्स्ईएन को कार्यालय से निकाल कर बाहर ले गए और चिलचिलाती धूप में बैठाकर प्रदर्शन किया। बाद में समस्याओं का आश्वासन देने पर छोड़ा। किसानों ने करीब दो घंटे तक एक्सईएन को अपने बीच में बंधक बनाए रखा। प्रदर्शनकारियों में देवराज सिंह, दर्शन सिंह, प्रेम सिंह, कल्याण सिंह, रघुवीर सिंह, सतवीर सिंह, हरिराज सिह जाट, चेतन कुमार, रामकुमार, राजेंद्र सिंह, धर्मपाल सिंह, कविराज सिंह, रमेश सिह शेखावत, देवेंद्र कौशिक, राजपाल सिंह रहे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/