ओबीसी मोर्चा की बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते मंत्री लोकेश प्रजापति।
- फोटो : LAWARD
लावड़। लावड़-मसूरी मार्ग स्थित एक मंडप में शुक्रवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें केंद्रीय मंत्री का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
महल गांव स्थित एक मंडप में ओबीसी मोर्चा की बैठक में मंत्री बनने के बाद पहली बार क्षेत्र में पहुंचे केंद्रीय मंत्री लोकेश प्रजापति का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृहमंत्री अमित शाह द्वारा अनुच्छेद 370 में संशोधन के बाद देश को पूरी तरह आजादी मिली है। सरकार के इस मुद्दे से देश की शान बढ़ी है और जल्द ही भारत विश्व गुरु कहलाएगा। उन्होंने कहा कि आज विश्व में भाजपा के सबसे अधिक सदस्य हैं। यहां सदस्य बनाए जाने के लिए अभियान जारी है। उन्होंने बैठक में भाजपा से जुड़ने के लिए आए लोगों को मोबाइल पर मिस्ड कॉल कराकर पार्टी की सदस्यता दिलाई।
केंद्रीय मंत्री लोकेश प्रजापति ने कहा कि पिछले 70 वर्षों से विभिन्न राजनीतिक दलों देश को भुखमरी के कगार पर पहुंचा दिया था। देश के भविष्य के लिए कोई विकास कार्य नहीं कराया। मोदी और योगी की सरकार ने बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछड़ा वर्ग द्वारा दिए गए 10 बिंदुओं को सर्वसम्मति से पारित कर दिया है। जिससे प्रजापति कुम्हार, कश्यप, पाल गड़रिया आदि जातियों को आरक्षण का पूर्ण लाभ मिलेगा। उन्होंने समाज का नाम रोशन करने वाले युवाओं को शील्ड देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता रामपाल सैनी ने की तथा संचालन जिला मंत्री डॉ. बलराम सैनी ने किया। कार्यक्रम के संयोजक दौराला मंडल के अध्यक्ष अनिल फौजी, जिला महामंत्री अरविंद सैनी, मुरारीलाल आर्य, रामभूल प्रजापति, डॉ. कूड़े सैनी, बनारसी दास प्रजापति, यादराम जाटव, प्रवीण बजरंगी, चंद्रकांत शर्मा आदि मौजूद रहे।