- गढ़ रोड स्थित मनसा देवी मंदिर से हुआ शुभारंभ
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ। राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम से ओत-प्रोत इस यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। पूरे मार्ग पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ गढ़ रोड स्थित मनसा देवी मंदिर से हुआ। यात्रा में कार्यकर्ताओं ने तिरंगा श्रृंखला बनाकर अनुशासित रूप से कदम से कदम मिलाकर यात्रा की। यात्रा के आगे तिरंगा रथ चल रहा था, जिस पर देशभक्ति के गीत बज रहे थे। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे कार्यकर्ताओं के जोश और उत्साह ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र के गौरव को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। तिरंगा केवल हमारे देश का ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के संयोजक महापौर हरिकांत अहलूवालिया रहे। यात्रा मनसा देवी मंदिर से प्रारंभ होकर कालिया गढ़ी, जागृति विहार पीएनबी वाली सड़क, जागृति विहार सेक्टर-4, जागृति विहार सेक्टर-2 मार्केट होते हुए तेजगढ़ी की ओर जाने वाली सड़क पर पहुंची। इसके बाद यात्रा तेजगढ़ी चौराहा, नई सड़क, गांधी आश्रम, हापुड़ अड्डा, इंद्रा चौक, बच्चा पार्क होते हुए भारत माता चौक (बेगमपुल) पहुंची, जहां तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।
यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ भारत माता की जय, वंदे मातरम् तथा राष्ट्रभक्ति के नारों का उद्घोष किया। बड़ी संख्या में लोगों के हाथों में लहराते तिरंगे ने सड़कों को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।तिरंगा यात्रा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, सांसद अरुण गोविल, राज्य मंत्री एवं दक्षिण विधायक सोमेंद्र तोमर, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, पूर्व राज्यसभा सांसद कांता कर्दम, महिला मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति सदस्य रेणु जोगी एवं कमल दत्त शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अभियान के संयोजक ललित, विनय शर्मा पाराशर, नरेंद्र उपाध्याय, रवीश अग्रवाल, राहुल गुप्ता, संजीव शर्मा, विवेक वाजपेयी, वीनस शर्मा, बीना वाधवा, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, सुनीता सैनी, सीमा श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष नरेश विश्वकर्मा, ललित मोरल, मनोज गुप्ता आदि शामिल रहे।