गोविंदपुरी के डीएवी इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर भाजपाइयों द्वारा बसपा की महिला मतदाताओं को धमकाने के आरोपों पर बखेड़ा हो गया। भाजपाइयों और बसपाइयों में हुए संघर्ष और पथराव में पुलिसकर्मियों समेत एक दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। दोनों पक्षों ने तहरीर दी है।
आरोप है कि इस मतदान केंद्र पर सुबह करीब सवा दस बजे नीरज मित्तल ईवीएम की डमी लेकर खड़े थे। जो वोट करने आ रहे लोगों को भाजपा के चुनाव चिन्ह पर वोट डालने के लिए समझा रहे थे। इस बीच वहां दो महिलाएं वोट डालने पहुंचीं। भाजपाइयों ने उन्हें समझाया, तो इसका बसपा के बूथ पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने विरोध कर दिया। सूचना पर बसपा प्रत्याशी सत्येंद्र सोलंकी समर्थकों के साथ वहां पहुंचे तो नीरज मित्तल वहां से निकल चुके थे।
आरोप है कि बसपा प्रत्याशी और समर्थकों ने नीरज मित्तल को उनके घर के पास रोक लिया। नीरज ने सत्येंद्र सोलंकी को देखकर नमस्ते करते हुए हाथ मिलाना चाहा, तो सत्येंद्र सोलंकी ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। बसपाइयों ने भाजपाइयों को पीट दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हो गया। आरोप है कि भाजपाइयों ने बसपा प्रत्याशी की फॉरच्यूनर गाड़ी पर पथराव किया, जिस पर चालक ने भाजपाइयों की तरफ गाड़ी दौड़ा दी। वहीं, बसपा प्रत्याशी के गनर ने सीधे गोली चलाने की धमकी दे दी। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा प्रशांत कपिल ने बताया कि मौके से आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई होगी।
एसपी सिटी ने हड़काया
बखेड़े के करीब डेढ़ घंटा बाद कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। जबकि उनके बाद पहुंचे एसपी सिटी ने थाना पुलिस को हड़काकर आरोपी युवकों को हिरासत में लेने के निर्देश दिए। तब जाकर पुलिस ने आधा दर्जन युवकों को हिरासत में लिया।