यूपी के मेरठ जिले में बाइक चोरी करते एक युवक को लोगों ने पकड़कर धुन डाला। सूचना पर मेडिकल थाने की दो महिला कांस्टेबल और एक सिपाही मौके पर पहुंचे। महिला कांस्टेबलों से छुड़ाकर भीड़ ने फिर से आरोपी को पीटा।
शनिवार को जागृति विहार निवासी राकेश कुमार बाइक से कृष्णा प्लाजा में पहुंचे थे। इस बीच एक युवक ने पेचकस से बाइक का लॉक तोड़ दिया। यह देख राकेश ने उसे पकड़ लिया, जबकि उसका साथी भाग गया। इस दौरान भीड़ ने चोर को जमकर पीटा। सूचना पर मेडिकल थाने की दो महिला कांस्टेबल और एक सिपाही मौके पर पहुंचे। महिला कांस्टेबल आरोपी को ले जाने लगीं तो भीड़ ने फिर से आरोपी की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान महिला कांस्टेबल भीड़ से जूझती रहीं और सिपाही तमाशबीन बना रहा।
पढ़ें : युवती से छेड़छाड़ पर बवाल, पथराव-फायरिंग, कई लोग घायल
बाद में पुलिस ने ऑटो बुलाया और आरोपी को किसी तरह भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। रास्ते में मेडिकल कॉलेज के पास आरोपी ने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर कूदने की कोशिश भी की। थाने में पहले आरोपी ने अपना नाम रवि निवासी गांव बाफर बताया। वहीं बाद में रोमित निवासी बागपत बताने लगा। आरोपी युवक ने बताया कि उसके दोस्त ने उसे फंसवा दिया। होटल में पार्टी करने के लिए पैसे जुटाने को बाइक चोरी कर सोतीगंज में बेचनी थी।
एसओ मेडिकल बृजेश कुमार का कहना है कि आरोपी पहले भी बाइक चोरी कर चुका है। उसके साथी की तलाश की जा रही है। चोरी के बाद चार से पांच हजार में बाइक व एक्टिवा को सोतीगंज में बेचते हैं। एसओ का कहना है कि आरोपी के खिलाफ तहरीर नहीं आई है, लेकिन पुलिस ने अपनी तरफ से रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/