संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। थाना रोहटा क्षेत्र के गांव रोहटा में रविवार देर सायं पेट्रोल पंप के सामने बाइक फिसलने से तीन युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी रोहटा में भर्ती कराया गया, जहां से एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रोहटा निवासी मुस्तकीम चिनाई का काम करते हैं। रविवार शाम वह काम खत्म कर मोटरसाइकिल से शाहरून और साजिद के साथ कैथवाड़ी से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक रोहटा में नन्हे प्रधान के पेट्रोल पंप के सामने पहुंची, तभी अचानक एक साइकिल सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को तुरंत सीएचसी रोहटा ले जाया गया। जहां मुस्तकीम और शाहरून को हल्की चोटें आने पर प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि साजिद की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि दुर्घटना की सूचना मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
:::::