बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने बाइक लूटी
खरखौदा। गांव नरहाड़ा-फफूंडा संपर्क मार्ग पर बृहस्पतिवार रात पल्सर सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक से बाइक लूट ली। घटना के समय युवक मेरठ से अपने गांव आड़ लौट रहा था। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। पुलिस देेर रात तक मामले को चोरी में दर्ज करने का दबाव बनाती रही, लेकिन पीड़ित लूट में दर्ज कराने पर अड़ा रहा। जिसके बाद लूट का मामला दर्ज किया गया।
मुंड़ाली थाना क्षेत्र के गांव आड़ निवासी नासिर पुत्र कलवा खां मेरठ में दिल्ली रोड स्थित फैक्टरी में पेंटर का काम करता है। बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे वह फैक्टरी से घर लौट रहा था। जब वह नरहाड़ा से फफूंडा पुलिया के बीच पहुंचा तो पीछे से काले रंग की प्लसर पर सवार तीन बदमाशों ने नासिर की बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने नासिर को गन प्वाइंट पर लेकर उसकी बाइक लूट ली। वारदात के बाद बदमाश मेरठ की ओर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस पीड़ित को साथ लेकर थाने पहुंची। आरोप है कि पुलिस पीड़ित पर लूट के बजाय चोरी में मामला दर्ज कराने का दबाव बनाती रही। लेकिन युवक के जिद पर अडे़ रहने के बाद पुलिस ने देर रात लूट का मामला दर्ज किया।
घटना की जांच कराने में देर लगी। जिस केस दर्ज करने में देर हुई। पीड़ित की तहरीर पर लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
- आलोक कुमार सिंह, सीओ किठौर