संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। दौराला-मसूरी मार्ग पर दौराला विकास खंड के पास शनिवार देर रात गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आकर बाइक सवार हर्रा निवासी नजर मोहम्मद 55 वर्ष की मौत हो गई। हादसे में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी दौराला में उपचार के लिए भर्ती कराया।
हर्रा निवासी नजर मोहम्मद अपने भतीजे आरिफ और उसकी मां आसमीन के साथ बाइक से सठला गांव में रहने वाले रिश्तेदार के यहां से वापस घर लौट रहा था। दौराला मसूरी मार्ग पर दौराला विकास खंड कार्यालय के पास बाइक गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गई। जिससे तीनों घायल हो गए। साथ ही दूसरा बाइक सवार अमित भी चपेट में आकर घायल हो गया। राहगीरों ने हादसे में घायल चारों लोगों को दौराला सीएचसी पर भर्ती कराया। सीएचसी पर हादसे में घायल नजर मोहम्मद को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने घायल बाइक चालक आरिफ, आसमीन और अमित को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मृतक के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और लिखित प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।