दौराला। जैनपुर गांव के सामने बुधवार देर रात ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार गांव भैंसा निवासी मयंक (19) की मौत हो गई। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को अपने साथ ले गए। परिजनों ने बृहस्पतिवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव भैंसा निवासी मयंक पुत्र पूरण रस्तौगी तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। मयंक पिता की मौत के बाद पढ़ाई के साथ खेती कर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। परिजनों के अनुसार बुधवार को वह बाइक पर सवार होकर मोदीपुरम शादी समारोह में शामिल होने गया था। घर लौटते समय लावड़ रोड पर जैनपुर गांव के सामने गेहूं से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मयंक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर एकत्रित हुए राहगीरों ने पीआरवी को सूचना दी।
राहगीर ही घायल को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। वह शव को अपने साथ गांव ले गए और बृहस्पतिवार को बिना पोस्टमार्टम शव का अंतिम संस्कार कर दिया। ग्राम प्रधान विलियम ने बताया कि मृतक बेहद होनहार था। बीमार मां का उपचार कराने के साथ परिवार का भरण पोषण कर रहा था। उन्होंने ट्रैक्टर चालक पर कार्रवाई की मांग की। बताया कि शुक्रवार को चालक के खिलाफ तहरीर दी जाएगी।