ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पड़ोसी घायल
फलावदा। कुंडा-सनोता मार्ग पर ट्रक और बाइक की टक्कर में रहमापुर निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका पड़ोसी घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया तथा घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव रेहमापुर निवासी शिव कुमार अपनी बाइक पर सवार होकर क्षेत्र के गांव गडीना में अपनी बुआ के घर जा रहा था। उसकी बाइक पर पड़ोसी ब्रह्म सिंह भी सवार था। जब वह गांव सनोता-कुंडा मार्ग पर पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे शिवकुमार व ब्रह्म सिंह घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल भेजा, लेकिन शिवकुमार ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि घायल ब्रह्म सिंह की हालत में सुधार बताया गया है। पुलिस ने शिवकुमार के शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।