खरखौदा। धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के सामने निर्माणाधीन सड़क पर फैली बजरी पर बाइक फिसलकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।
कस्बा खरखौदा के मोहल्ला बीचपटिया निवासी आसिफ (21) पुत्र आस मोहम्मद रविवार को बाइक पर सवार होकर किसी काम से हापुड़ गया था। पुलिस के अनुसार, जब वह शाम के समय हापुड़ से लौट रहा था तो हापुड़-मेरठ रोड पर धीरखेड़ा औद्योगिक नगर के सामने निर्माणाधीन सड़क पर फैली बजरी पर उसकी बाइक फिसल गई तथा वह डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में आसिफ गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां श्याम के समय आसिफ की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है।
दो बहनों का इकलौता भाई था आसिफ
परिजनों के अनुसार, आस मोहम्मद खरखौदा में बस स्टैंड पर ठेला लगाकर कपड़ों पर स्त्री करता है। आस मोहम्मद का बेटा आसिफ अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। दिसंबर माह में आसिफ की शादी होनी थी। परिवार वालों का रोकर बुरा हाल है।