जिले भर में तमाम लोगों को संपत्ति की भरपाई के लिए चिह्नित किया है। पुलिस ने द्वेष भावना से लोगों को उकसाने के मामले में जिले भर में 200 लोगों को राजद्रोह के तहत चिह्नित किया है। इन लोगों को नोटिस देने की कवायद शुरू हो गई है।
इन लोगों को फिलहाल भारी जुर्माने में पाबंद किया जाएगा। इनकी गतिविधियों पर पुलिस की नजर रहेगी। एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक जिले भर में राजद्रोह के मामले में 200 लोग चिह्नित किए गए हैं। इन लोगों को नोटिस दिए जा रहे हैं। इनकी हरकतों पर पुलिस की नजर रहेगी।
नहटौर में 20 दिसंबर शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद बवाल करने वाले उपद्रवियों के पुलिस ने पोस्टर जारी कर उन्हें शहर में लगवा दिया गया है। नगर में पुलिस और उपद्रवियों के बीच हुए पथराव व गोलीबारी में दो युवक अनस व सुलेमान की मौत हो गई थी। तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जबकि दर्जनों पुलिसकर्मी व पुलिस मित्र भी घायल हो गए थे।
पुलिस ने सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले उपद्रवियों को सीसीटीवी फुटेज व वीडियो क्लिप के आधार पर चिह्नित कर उनके पोस्टर जारी किए हैं। जिन्हें कई स्थानों पर लगवा दिया गया है। वहीं, नहटौर में लखनऊ से आई फोरेंसिक टीम थाने, नगर पालिका, ऐजेंसी चौराहा, नेजो सराय, ईदगाह चैराहा, मुख्य बाजार आदि स्थानों पर पहुंची। टीम ने हिंसक घटनाओं के बीच जली पुलिस जीप, मोटरसाइकिल सहित अन्य वाहनों व मृतक युवकों के जमीन पर पड़े खून की जांच की और उनके नमूने लिए।
पुलिस ने उपद्रवियों को जारी किए नोटिस
धामपुर। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के नाम पर उपद्रव करने वालों को पुलिस ने वीडियो रिकार्डिंग और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर चिह्नित किया था। ऐसे एक दर्जन से ज्यादा लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। कोतवाल का कहना है कि उपद्रव कराने के लिए युवकों को उकसाने वालों और उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
कोतवाल अरविंद मोहन शर्मा ने बताया कि पुलिस की ओर से तीन लोगों को नामजद कर करीब 150 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों पर कार्रवाई करने से पहले पुलिस उपद्रव करने वालों और उपद्रव के लिए उकसाने वालों को चिह्नित कर उन्हें नोटिस जारी कर रही है।
अब तक पुलिस की ओर से 13 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। बाकी और लोगों को चिह्नित करने का काम तेजी से किया जा रहा है। ऐसे लोगों पर रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में एक आरोपी का चालान किया जा चुका है। बाकी की तलाश मंे दबिश दी जा रही है।