उत्तर प्रदेश के बिजनौर में रोडवेज बस स्टैंड के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर युवकों के दो गुटों के बीच भिड़ंत होने पर अफरा-तफरी मच गई। एक गुट के युवकों ने दूसरे गुट के युवकों पर फायरिंग कर सनसनी फैला दी। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस युवकों की तलाश में जुटी है।
गुरुवार दोपहर करीब 11:00 बजे दो युवक बाइक से पेट्रोल पंप की ओर आ रहे थे। बताया जाता है कि पेट्रोल पंप पर बाइक में पैट्रोल डलवाने के दौरान उनके पीछे से दो बाइकों पर पांच युवक और आए और दोनों गुटों के बीच भिड़ंत हो गई। एक गुट के युवाओं ने तमंचा से फायरिंग कर दी।
दूसरे गुट युवक ने भी फायरिंग करने का प्रयास किया। लेकिन उसका तमंचा चला नहीं। बचने के लिए दूसरे गुट के दो युवक पेट्रोल पंप के केबिन में घुस गए।
करीब पांच मिनट तक दोनों के गुटों के बीच पेट्रोल पंप पर संघर्ष चलता रहा। सीसीटीवी कैमरे में एक युवक खुलेआम तमंचा लहराता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस के पहुंचने से पूर्व दोनों गुटों के युवक पेट्रोल पंप से फरार हो गए। एसओजी टीम ने भी पेट्रोल पंप पर पहुंचकर जांच की है। कोतवाली प्रभारी जय कुमार ने बताया कि फुटेज के आधार पर पहचान करने की कोशिश की जा रही है।