नजीबाबाद, किरतपुर में दो-दो और नांगल में एक केंद्र पर होगा मतदान
नजीबाबाद एमएलसी चुनाव के लिए मतदान कराने के लिए रविवारदेर शाम मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गईं। सोमवार सुबह मतदान शुरू हुआ, जहां नजीबाबाद और किरतपुर में दो-दो और नांगल में एक मतदान केंद्र पर वोट डाले जा रहे हैं। नजीबाबाद ब्लॉक से 2998 और किरतपुर ब्लॉक से 2771 मतदाता मतदान करेंगे।
एसडीएम विजय वर्धन तोमर और सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। सोमवार को प्रात: आठ बजे मतदान शुरू होकर शाम चार बजे तक चलेगा।नजीबाबाद और किरतपुर मतदान के लिए डीआईओएस जय करण यादव, अधिशासी अभियंता उप्र राज्य निर्माण सहकारी संघ बिजनौर वाईबी सिंह, उपायुक्त राज्य कर बिजनौर रक्षपाल सिंह, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.प्रेम सिंह कोहली को एमएलसी चुनाव में सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नजीबाबाद और किरतपुर ब्लॉक के क्षेत्र पंचायत कार्यालय, नगरपालिका परिषद नजीबाबाद व किरतपुर और नांगलसोती के आरबीएस इंटर कॉलेज को मतदान केंद्र बनाया गया है।
भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी अदालत में हुए पेश
कैराना से भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी सोमवार को सहारनपुर जनपद में एमपी एमएलए स्पेशल कोर्ट में पेश हुए। सांसद ने पांच मामलों में गैर जमानती वारंट जारी होने पर अपनी जमानत कराई है।
एमपी एमएलए स्पेशल कोर्ट के विशेष लोक अभियोजक गुलाब सिंह ने बताया कि भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी के खिलाफ वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव आचार संहिता के चार मामले पंजीकृत हुए थे। 2010 में उनके खिलाफ सरसावा थाने में शाहजहांपुर के पास पंचायत करने का मामला दर्ज हुआ था । यह पांचों मामले अब एमपी एमएलए कोर्ट में विचाराधीन है। भाजपा सांसद के कोर्ट में पेश न होने पर अदालत ने उनके गैर जमानती वारंट जारी किए थे। सोमवार को न्यायालय में तारीख होने पर भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी अदालत में पेश हुए। अदालत में उन्होंने सभी मामलों में अपनी जमानत कराई है ।