प्राथमिक विद्यालय में रोता हुआ बंद बच्चा
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के बिजनौर जनपद में अध्यापकों की घोर लापरवाही से कक्षा तीन का एक छात्र छुट्टी होने के बाद कक्षा में ही बंद रह गया। करीब एक घंटे बाद छात्र के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने डायल 100 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी भी बच्चे को देखकर हैरान रह गए।
इसके बाद पुलिस ने कक्ष का ताला तोड़ कर छात्र को सकुशल बाहर निकाला और परिजनों को सौंप दिया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल में पहुंचकर शिक्षकों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया।
चंदक में मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक के रामजीवाला स्थित प्राथमिक विद्यालय गुरुवार को छुट्टी के समय अध्यापकों ने सारे कक्ष बंद करा दिए। इसी दौरान एक कक्ष में कक्षा तीन का बच्चा बंद रह गया। कक्ष बंद कर अध्यापक चले गए। छुट्टी के करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों को स्कूल से किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीणों ने स्कूल जाकर देखा तो एक बच्चा कक्ष में बंद था और खुली खिड़की के पास खड़ा रो रहा था। ग्रामीणों ने बच्चे को ढांढस बंधाते हुए इसकी सूचना डायल 100 पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़कर बच्चे को सकुशल बाहर निकाला। ग्रामीणों का कहना था कि अगर खिड़की बंद होती तो छात्र के साथ कोई अनहोनी भी हो सकती थी। पुलिस के मुताबिक छात्र गांव छकड़ा निवासी अशोक का पुत्र आदित्य था। अशोक ने बताया कि आदित्य कक्षा तीन में पढ़ता है। घटना के विरोध में अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया और शिक्षकों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अध्यापक छात्र को नींद आने की बात कह रहे हैं।