उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के थाना किरतपुर के एक हिस्ट्रीशीटर का दुस्साहस इतना बढ़ गया है कि उसने एसपी संजीव त्यागी को धमकी दी है। वायरल ऑडियो में वह कह रहा है कि अगर वह अपनी जिद पर आ गया तो एसपी को रात नहीं उतरने देगा।
इसके साथ ही उसने प्रधान पति को जानलेवा हमले में समझौता नहीं करने पर खात्मा करने की भी धमकी दी। हिस्ट्रीशीटर कई मामलों में वांछित चल रहा है। पुलिस को उसकी काफी समय से तलाश है।
धमकी देने वाला हिस्ट्रीशीटर गांव भनेड़ा का रहने वाला है और उस पर लूट, चोरी, डकैती आदि संगीन धाराओं के 37 मुकदमे दर्ज हैं। गत 16 जुलाई को उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर गांव भनेड़ा के प्रधान पति इस्तियार पर जानलेवा हमला किया था।
इस घटना की सीसीटीवी फुटेज में रियाज खुद भी फायरिंग करता नजर आ रहा है। इस मामले में प्रधान पति ने रियाज व उसके चार साथियों के खिलाफ किरतपुर थाने में जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रियाज ने मोबाइल से कॉल करके प्रधान पति इस्तियार को समझौता न करने पर उसका खात्मा करने की धमकी दी है। सोशल मीडिया पर इस पूरे मामले का ऑडियो वायरल हो गया।
कुछ इस तरह से धमकी दे रहा है हिस्ट्रीशीटर
रियाज: तू पुलिस व मीडिया वालों को दुकान पर बैठाकर मेरे एनकाउंटर कराने की बात कर रहा है।
इस्तियार: लॉक डाउन की वजह से दो दिन तक कागज नहीं बन सकते हैं।
रियाज: तुझे बकरीद नहीं उतरने दूंगा, उससे पहले मार दूंगा, चाहे खुद भी मर जाऊं और बकरीद न उतरे। बढ़ापुर के जॉनी (एक लाख का इनामी, जो मुठभेड़ मारा गया था) की तरह तेरा खात्मा कर दूंगा, मेरी मरी मां की कसम, तुझे छोडूंगा नहीं। एसपी... (गाली), उसे भी मार दूंगा। रात नहीं उतरने दूंगा। चाहे मैं भी मर जाऊं। रिश्तेदार हो तुम, नशे में दोस्तों के साथ जाकर गलती कर ली। अब जो चाह रहे हो कर दूंगा।
इस्तियार: पुलिस लॉकडाउन में घर के चक्कर लगा रही है तो पुलिस को कैसे भगा दें। रियाज को पकड़ने उसके घर पर तो नहीं जा रही है। रियाज पर कोई आंच नहीं आने दूंगा, वादा कर लिया है।
रियाज: पिस्टल खरीदने को पैसे दिए हैं।
इस्तियार: लोग तुम्हें चढ़ा रहे हैं।
रियाज(गुस्से में): वकील को भी मार दूंगा। तुम्हारी दुकान पर शाम के समय आठ दस पुलिसवाले थे। एक आदमी ने बताया है, तुम पुलिसवालों से रियाज का एनकाउंटर कराने की बात कर रहे हो। पूरे जिले की पुलिस चाहे दुकान पर बैठा ले अगर उसे जिद चढ़ गई तो वह दुकान में घुसकर मार देगा। दोनों के खानदान बर्बाद हो जाएंगे। तुम्हें मरने के बाद तुम्हारा भाई भी दिखाई नहीं देगा। परिवार गांव छोड़कर चले जाएंगे और यही हाल मेरे परिवार का भी होगा।