सरधना। गांधी स्मारक इंटर कॉलेज दबथुवा में स्व. जगेंद्र चौधरी मेमोरियल 48वीं जूनियर बालक सुपर लीग स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप का शुक्रवार को शुभारंभ हो गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों की टीमों ने प्रतिभाग किया।
चैंपियनशिप का उद्घाटन बागपत से सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान व पूर्व विधायक जितेंद्र सतवाई ने किया। उद्घाटन मैच में बिजनौर की टीम ने जीत दर्ज की तो मेरठ ने भी जीत से अपना खाता खोला। स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप में सांसद डाॅ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि देहात क्षेत्र में कई प्रतिभाशाली कबड्डी खिलाड़ी हैं। अगर वह इसी तरह विजय हासिल करते रहेंगे तो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक उनका नाम होगा।
जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार, सचिव कोपिंद्र कुमार ने बताया कि पहला मैच बिजनौर व देवरिया के बीच खेला गया। जिसमें बिजनौर ने 35-23 के अंतर से जीत दर्ज की। दूसरा मैच मेरठ व जौनपुर के बीच खेला गया। जिसमें मेरठ ने 35-28 के अंतर से शानदार जीत दर्ज की। आजमगढ़ व मुजफ्फरनगर के बीच हुए मैच में मुजफ्फरनगर ने 31-15 से जीत दर्ज की। प्रतापगढ़ व हापुड़ के बीच हुए रोमांचक मैच में हापुड़ ने 37- 38 से जीत दर्ज की। इस मौके पर पंडित आदेश, अनिल दबथुवा, रविभारत चिकारा, ब्रह्मपाल सिंह, ऋषिपाल, धर्मेंद्र, मनीष कुमार, ऋषिपाल, प्रधान मलूक सिंह आदि मौजूद रहे।