बिजे की रस्म पगड़ी आज, खुलासा ने होने पर आंदोलन की चेतावनी
सरधना। चार दिन पूर्व मोम्मन फरीदपुर में हुई बिजे (45) की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। निवर्तमान प्रधान व ग्रामीणों ने शनिवार को चेतावनी दी कि यदि रविवार को होने वाली बिजे की रस्म पगड़ी से पूर्व मामले का खुलासा नहीं हुआ तो थाना पुलिस के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं, शनिवार को पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने गांव में पहुंचकर बिजे की मौत से संबधित साक्ष्य जुटाए।
मोम्मन फरीदपुर गांव निवासी बिजे पुत्र भिरखा की चार दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। उस समय बिजे की मौत सड़क हादसे में होनी बताई गई थी। बाद में परिजनों को पता चला कि बिजे की मौत हादसे में नहीं बल्कि गोली लगने से हुई है। श्मशान में भी अस्थियां एकत्रित करते समय बुलेट बरामद हुई। शुक्रवार को मृतक के छोटे भाई बिजेंद्र और निवर्तमान प्रधान शिवकुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कोतवाली में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था।
शनिवार को पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। निवर्तमान प्रधान शिवकुमार ने बताया कि पुलिस व फॉरेंसिंक टीम ने गांव में पहुंचकर कुछ साक्ष्य जुटाए हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को मृतक बिजे की रस्म पगड़ी है। यदि रस्म पगड़ी से पूर्व पुलिस ने मामले का खुलासा नहीं किया तो पगड़ी स्थल से ही लोग कोतवाली के लिए रवाना होंगे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ इस मामले में बड़ा आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी थाना पुलिस की होगी।
थानाध्यक्ष समर बहादुर का कहना है बिजे की मौत मामले में तेजी से जांच चल रही है। कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। उनकी जांच कराई जा रही है।