साइबर सेल पुलिस ने सिमबॉक्स के जरिए देशभर में फैले बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना लिसाड़ी गेट में दर्ज प्राथमिकी दर्ज की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ। साइबर सेल टीम ने तकनीकी जांच कर इस अंतरराज्यीय गिरोह की करतूतों का भंडाफोड़ किया। हालांकि पुलिस 27 मार्च को लिसाड़ी गेट निवासी शादाब, फरदीन, नाजिम उर्फ फुरकान, रहीस, फहीम व सुल्तान को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने बताया कि लिसाड़ी गेट में एक मकान पर छापा मारकर पुलिस ने लोगों के साथ ऑनलाइन ठगी करने वाले छह आरोपियों को पकड़ा था। पुलिस ने आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर दी थी। जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध सिमबॉक्स और सक्रिय सिम कार्डों का उपयोग कर अंतरराष्ट्रीय कॉल को लोकल कॉल में बदल देते थे। इसके जरिए लोगों को झांसे में लेकर डिजिटल अरेस्ट जैसे नए तरीके से ठगी करते थे। अब तक इस नेटवर्क से जुड़े करीब 50 मामलों की पहचान हुई है, जिनमें लगभग 2.70 करोड़ रुपये की ठगी की गई है।
एसपी के अनुसार, इस गिरोह ने देश के कई राज्यों में लोगों को निशाना बनाया। चंडीगढ़ निवासी कृष्ण चंद से 38 लाख रुपये, कोलकाता के सुधीमन गुहा से 46 लाख और दिल्ली की इंदु अरोड़ा से 1.10 करोड़, उदयपुर की पूनम शर्मा से 67 लाख, रोहिणी दिल्ली के अमित नय्यर से 13.5 लाख और चेन्नई की पूर्णिमा से 17.5 लाख रुपये ठगे हैं। एसपी क्राइम का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-