बागपत जिले में पूर्व विधायक चंदर सिंह के लापता पौत्र देव पंवार को पुलिस ने बरामद कर लिया। वह काठा गांव के पास अचेत अवस्था में पड़ा मिला। सौतेले भाई ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर अपहरण किया। एक सौ बीघा जमीन को लेकर सौतेले भाई से विवाद चल रहा है। पुलिस ने छात्र के बयान दर्ज किए।
मेरठ रोड बागपत निवासी पूर्व विधायक चंदर सिंह का पौत्र और कक्षा आठ का छात्र देव पंवार सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। छात्र की मां सुनीता देवी ने पूर्व विधायक के बेटे श्रीपाल, विजन निवासी बाघू, सौरभ और कुलदीप निवासी नोएडा के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। सौरभ छात्र का सौतेला भाई है।
बुधवार को छात्र काठा गांव के पास हाईवे किनारे पुलिस को अचेत अवस्था में पड़ा मिला।
वहीं होश में आने पर छात्र ने पुलिस को बताया कि सोमवार को उसके ताऊ श्रीपाल ने यह कहकर बुलाया था कि तुम्हारे पापा आए हुए हैं। वह ताऊ के घर पिता से मिलने चला गया। वहां मौजूद सौतेले भाई सौरभ ने कोल्ड ड्रिंक पिला दी। कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद वह बेहोश हो गया। उसे कुछ पता नहीं रहा। जब उसे होश आया तो वह एक कमरे में बंद था। एक व्यक्ति ने उसे पीने के लिए पानी दिया। पानी पीने के बाद फिर से वह बेहोश हो गया। उसके सौतेले भाई सौरभ, ताऊ श्रीपाल, विजन ने अपहरण किया।
छात्र की मां सुनीता देवी ने बताया कि उसके पति ऋषिपाल की पहली पत्नी की मौत हो गई। पहली पत्नी से सौरभ है। इसके बाद उसने सुनीता से शादी कर ली। इससे विनीत व देव पंवार है। उनके हिस्से में 100 बीघा कृषि भूमि व अन्य प्रोपर्टी आती है। जिस पर सौतेला भाई कब्जा करना चाहता है। प्रोपर्टी विवाद में उसके बेटे का अपहरण किया। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि छात्र के बयान दर्ज किए हैं। जांच के बाद कार्रवाई होगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/