अरुणाचल के रिटायर्ड डीजीपी रोबिन हिबू ने डीजीपी और एसएसपी से शिकायत की। रोबिन हिबू हाल में दिल्ली पुलिस में विशेष आयुक्त के पद पर तैनात हैं। छात्रों की सुरक्षा के लिए कॉलोनी में पुलिस तैनात की गई। हमले में घायल छह छात्रों का मेडिकल कराने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के करीब 80 छात्र सुशांत सिटी कॉलोनी सेक्टर-तीन में रहते हैं। सुशांत सिटी कॉलोनी के एफ-ब्लॉक में दिल्ली के शादांश, मुजफ्फरनगर के अवीश और गौरव किराए पर रहते हैं। सभी छात्र एनएच-58 बाईपास स्थित एक विवि में पढ़ते हैं। शनिवार रात साढ़े 12 बजे एफ ब्लॉक में अरुणाचल और सिक्किम और स्थानीय छात्र अलग-अलग पार्टी कर रहे थे।
गौरव ने सिक्किम के संजू तबंग से सिगरेट मांगी। उसने सिगरेट होने से इन्कार करते हुए बीड़ी दे दी। उसके बाद संजू तबंग से बीड़ी लाइटर से जलाने को कहा। उन्होंने बीड़ी जलाने से इन्कार कर दिया। इसी बात को लेकर अरुणाचल-सिक्किम और स्थानीय छात्रों में मारपीट शुरू हो गई। दोनों तरफ से बीयर और शराब की बोतल एक-दूसरे के ऊपर फेंकी गई। ईंट और पत्थर से हमला किया गया।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। परतापुर थाना पुलिस ने शादांश, वंश, अवीश और अटल को हिरासत में लिया है। बाकी की तलाश जारी है। - बीबीजीटीएस मूर्ति, एसएसपी