सरधना। पर्यावरण धर्म समिति द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी जनपद स्तरीय पर्यावरण चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता सेंट जोजेफ इंटर कॉलेज में आयोजित होगी।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम चार विभिन्न वर्गों में संपन्न होगा। प्रत्येक वर्ग के प्रथम पुरस्कार विजेता को साइकिल प्रदान की जाएगी। द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों को भी आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। कार्यक्रम संयोजक मोहम्मद अली शाह ने बताया कि यह प्रतियोगिता न केवल बच्चों को अपनी चित्रकला प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देती है, बल्कि उन्हें पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए प्रेरित भी करती है।
आयोजन की तैयारी के लिए हुई बैठक में मनमोहन त्यागी, जीशान कुरैशी, डॉ. ताहिर हंफी, डॉ. अनुज पंवार, सलीम दीवाना और खालिद अहमद को विभिन्न संयोजन जिम्मेदारियां सौंपी गईं। मनमोहन त्यागी इस प्रतियोगिता के मुख्य नियंत्रक होंगे। संस्था अध्यक्ष जितेंद्र पांचाल एडवोकेट ने बताया कि प्रतियोगिता के फार्म सितंबर के पहले सप्ताह से उपलब्ध कराए जाएंगे और आयोजन में जनपद भर से हजारों छात्र-छात्राओं की सहभागिता अपेक्षित है।