बोले- सरधना के युवाओं को नौकरी देने का किया वादा
- दौड़ प्रतियोगिता आयोजित कर विजेता को ट्रैक्टर पुरस्कार में दिया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। सकौती में रविवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की स्मृति में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्रतिभाशाली छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि धौरहरा के सांसद आनंद भदौरिया रहे। कार्यक्रम में अतुल प्रधान और सांसद का राजपूत समाज के लोगों ने पगड़ी और फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
अतुल प्रधान ने कहा कि छात्राओं को साइकिल वितरित कर शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि वह सभी को समान रूप से देखते हैं। सरकार बनने पर सरधना के युवाओं को नौकरी देने का प्रयास करेंगे। जल्द 20 छात्राओं को स्कूटी वितरित की जाएगी। दौड़ प्रतियोगिता आयोजित कर विजेता को ट्रैक्टर पुरस्कार में दिया जाएगा। पूर्व विधायक संगीत सोम पर निशाना साधते हुए अतुल प्रधान ने कहा कि सोशल मीडिया पर आरोप लगाने से कुछ नहीं होगा, जनता कर्म में विश्वास करती है। उन्होंने पूर्व विधायक के निजी सचिव की संपत्ति की जांच कराने की भी मांग की।
सांसद आनंद भदौरिया ने कहा कि अतुल प्रधान का साइकिल वितरण कार्यक्रम सरधना ही नहीं, पूरे प्रदेश और देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने कहा कि जिस तरह सरकारी संपत्ति को संभालकर रखने की अपील की जाती है, उसी तरह अतुल प्रधान को भी विधायक बनाए रखकर जनता के बीच उनकी सेवा का अवसर देना चाहिए। कार्यक्रम में शिवकुमार, भूपेंद्र सोम, विनोद, संदीप चौहान, भूरा सोम, विजयपाल, मनोज, बाबर आदि मौजूद रहे।