अस्पताल में घायल जवान
- फोटो : अमर उजाला
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कपिल पर पीली कमीज पहनकर डंडे से हमला करता दिख रहा आरोपी रवि ही है। पुलिस अभी तक इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वीडियो के जरिए अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कपिल पर हमला करने वाला आठवां आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
सेना के जवान कपिल पर जानलेवा हमले के मामले में 17 अगस्त रविवार की रात में ही उसके पिता कृष्णपाल की ओर से सरूरपुर थाने पर मुख्य सिक्योरिटी इंजार्च नीरज तालियान उर्फ बिट्टू निवासी गांव छुर के अलावा आठ-दस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कराया गया था। एसएसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों को लगाया था। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों को गिरफ्तार कर रही है।
भूनी टोल प्लाजा पर बुधवार को तैनात पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
वीडियो की जांच में आया कि टोलकर्मी करनावल निवासी रवि ने सेना के जवान पर कपिल पर हमला किया था। उसकी तलाश में पुलिस बीते तीन दिनों से दबिश दे रही थी। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को करनावल पुलिस चौकी पास स्थित रजबहे की झाल से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि बिट्टू, उसके भाई अंकित ने जवान के खंभे से हाथ पीछे बांधे और अन्य हमलावरों सचिन, विजय, अनुज, सुरेश राणा आदि ने हमला किया। रवि ने डंडे से हमला किया था। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एक दिन पहले पकड़े गए सात आरोपी। कपिल के पिता और टोल पंचायत।
- फोटो : अमर उजाला
अब तक ये हो चुके गिरफ्तार
एसपी देहात ने बताया कि पुलिस इससे पहले सात आरोपियों सचिन निवासी पांचली, विजय निवासी करनावल, अनुज निवासी दुर्जनपुर, अंकित निवासी छुर, सुरेश राणा निवासी भड़ल दोघट बागपत, अंकित शर्मा निवासी सूजती दोघट और सिक्योरिटी इंचार्ज नीरज तालियान उर्फ बिट्टू निवासी गांव छुर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। रवि समेत इस मामले में आठ आरोपी जेल जा चुके हैं। वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों को भी तलाश कर रही है। उधर, जवान कपिल का अभी मेरठ कैंट में मिलिट्री अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सेना जवान कपिल के परिवार का दर्द, मां बोली– जेल से छूटकर न कर दें अनहोनी
कपिल के साथ टोल कर्मचारियों के हमले के बाद आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई से परिजन संतुष्ट तो हैं लेकिन उन्हें अभी भी डर सता है। कपिल की मां सुनीता ने चिंता जताई कि जेल से छूटने के बाद कहीं आरोपी उनके परिवार के साथ कोई अनहोनी न कर दें। वहीं, कपिल के पिता कृष्णपाल ने सुनीता को ढांढस बांधते हुए कहा कि पूरा देश उनके बेटे के साथ खड़ा है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। वह इसी के हकदार हैं।
टोल से निशुल्क गुजर रहे वाहन
सेना के जवान कपिल के साथ मारपीट के बाद भूनी टोल पर हुए हंगामा व तोड़फोड़ के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को टोल फ्री करा दिया था। इसके बाद से ही भूनी टोल से वाहन निशुल्क गुजर रहे हैं। हालांकि टोल के कुछ सेंसर काम कर रहे हैं। इनसे स्वयं ही टोल टैक्स की वसूली हो रही है। बुधवार को भी टोल फ्री रहा। वहीं, सुरक्षा की दृष्टि से टोल पर पुलिस फोर्स तैनात रही है। फिलहाल टोल पर शांतिपूर्ण तनाव है।
सिक्योरिटी कंपनी का लाइसेंस रद करने की मांग
भाकियू आंदोलनकारी संगठन के पदाधिकारी बुधवार को जवान कपिल के परिजनों से मिलने पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी। भाकियू आंदोलनकारी नेता निक्की तालियान ने कहा कि भूनी टोल प्लाजा पर आए दिन लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। टोल कर्मचारी अपनी मनमानी कर लोगों को परेशान करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सिक्योरिटी कंपनी के कर्मचारियों का यही रवैया रहा है और इस बार उनके खिलाफ सही कार्रवाई हुई है। इससे पूर्व उन्होंने थाने में पहुंचकर सिक्योरिटी कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की मांग उठाई है।
यह है मामला
सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव गोटका निवासी सेना के जवान कपिल रविवार 17 अगस्त की देर शाम छुट्टी से वापस अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। कपिल को पिता कृष्णपाल, ताऊ तिरसपाल, चचेरा भाई शिवम और सुधीर दिल्ली एयरपोर्ट पर कार से छोड़ने जा रहे थे। सोमवार सुबह पांच बजे की फ्लाइट थी। कपिल को सोमवार शाम तक श्रीनगर पहुंच कर ड्यूटी ज्वाइन करनी थी।
मेरठ-करनाल हाईवे पर भूनी टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी लाइन देखकर कपिल ने टोल कर्मचारियों को अपना परिचय देकर कार को एक साइड से निकलवाने का आग्रह किया था। ताकि वो समय पर जाकर फ्लाइट पकड़ सकें। टोलकर्मियों ने जवान का परिचय पत्र भी फेंक दिया था। इसका विरोध करने पर टोल कर्मियों ने पोल से बांधकर जवान कपिल की लाठी डंडों और ईंटो से प्रहार कर पिटाई कर दी थी। आरोपियों की पिटाई से जवान घायल हो गया था। किसी राहगीर से जवान के साथ मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल में बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था।
वीडियो वायरल होते ही पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। इसके बाद सोमवार को ग्रामीण, पूर्व विधायक संगीत सोम, भाजपा जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा के अलावा बड़ी संख्या में भीड़ ने भूनी टोल पर धरना दिना। इस दौरान भीड़ ने टोल पर जमकर तोड़फोड़ की। सेना के जवान के साथ मारपीट के मामले में मैसर्स धर्म सिंह कंपनी को ब्लैकलिस्ट व ठेका निरस्त करते हुए एनएचएआई ने कंपनी के ऊपर 20 लाख का जुर्माना लगाया। ग्रामीणों की चार सूत्रीय मांग के बाद धरना समाप्त कर दिया था। पुलिस ने कपिल के पिता कृष्णपाल की ओर से हत्या के प्रयास आदि धाराओं में मामला दर्ज किया था।
विधायक अतुल प्रधान बोले, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
सरधना के सपा विधायक अतुल प्रधान बुधवार को मेरठ कैंट स्थित आर्मी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने जवान कपिल के स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों को ढांढस बंधाया।
विधायक ने कहा कि जवान कपिल हमारे क्षेत्र का गौरव है। उसका बेहतर से बेहतर इलाज कराया जा रहा है और यदि आवश्यकता पड़ी तो शासन और प्रशासन से विशेष सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भी बात की जाएगी। उन्होंने जवान के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देने की बात कही।
सपा विधायक ने भूनी टोल प्रकरण को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि सेना के जवान देश की सेवा करते हैं, उनके साथ इस प्रकार की घटनाएं अत्यंत निंदनीय हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोहराई न जा सकें।
अतुल प्रधान ने इस मामले में पुलिस अधिकारियों से भी बातचीत की और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने चेताया कि यदि जांच में कोई लापरवाही हुई, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।