सहारनपुर में भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर के भाई कमल किशोर और उसकी मां कमलेश को पुलिस ने अंबेडकर नगर स्थित बामियान बौद्ध विहार से हिरासत में ले लिया है। कमल किशोर और उसकी मां कमलेश बामियान बौद्ध विहार में मीडिया से बात करने के लिए पहुंचे थे। पुलिस की कार्रवाई से आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया।
बृहस्पतिवार को चंद्रशेखर के भाई कमल किशोर, मां कमलेश देवी और एक संस्था से जुड़े सतपाल तंवर ने मीडिया से बातचीत करने के लिए अंबेडकर नगर स्थित बामियान बौद्ध विहार में पहुंचने की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंच गई। सतपाल तंवर तो वहां पहुंचे नहीं, लेकिन लगभग साढ़े चार बजे कमल किशोर अपनी मां कमलेश देवी को बाइक पर लेकर वहां पहुंचा। उन्होंने जैसे ही बामियान बौद्ध विहार परिसर में प्रवेश का प्रयास किया तो बामियान बौद्ध विहार के कर्मचारियों ने अनुमति न लिए जाने की बात कहते हुए गेट बंद कर दिया। जिस कारण कमल किशोर और कमलेश सड़क पर ही खड़े रह गए। सड़क पर ही उन्होंने मीडिया से बात की और प्रशासन पर चंद्रशेखर पर बेबुनियाद आरोप लगाकर झूठे मुकदमों में फंसाने का आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि चंद्रशेखर पर लगाए सभी मुकदमों को बर्खास्त करें और झूठे मामलों में बंद किए लोगों को रिहा किया जाए।
बामियान बौद्ध विहार के कर्मचारियों ने गेट नहीं खोला
अपनी मां के साथ बैठा चंद्रेशखर आजाद
जैसे ही कमल किशोर और उसकी मां कमलेश मीडिया से बात करके जाने लगे तभी वहां मौजूद पुलिस एवं क्राइम ब्रांच की टीम ने कमल किशोर को हिरासत में ले लिया और उसे वहां से ले गए। वहां मौजूद लोगों ने फोन से दूसरे लोगों को इसकी सूचना दे दी। जिस पर लोग एकत्रित होने लगे। इसी दौरान पुलिस ने उसकी मां कमलेश देवी को भी हिरासत में ले लिया। सूत्रों के अनुसार दोनों से चंद्रशेखर और भीम आर्मी के बारे में पूछताछ की जा रही है।
कमल किशोर और कमलेश देवी के साथ सतपाल पंवार ने मीडिया से बातचीत करने के लिए बामियान बौद्ध विहार का स्थान निर्धारित किया। लेकिन जब कमल किशोर और कमलेश देवी वहां पहुंचे तो बामियान बौद्ध विहार के कर्मचारियों ने गेट बंद कर दिया और उन्हें बामियान बौद्ध परिसर में घुसने नहीं दिया। दोनों को सड़क पर खड़े रहकर ही मीडिया से बात करनी पड़ी।
चंद्रशेखर को गिरफ्तार किया तो जेल भरो आंदोलन होगा
भीम आर्मी अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद
चंद्रशेखर की मां कमलेश देवी ने कहा है कि चंद्रशेखर ने कोई डकैती नहीं डाली, किसी को गोली नहीं मारी। वह तो अपने समाज के लिए लड़ रहा है। वह सरेंडर क्यों करे, उसने कोई गुनाह नहीं किया है। उसे झूठा फंसाया जा रहा है। सांसद राघव लखनपाल उसे फंसाना चाहता है। चंद्रशेखर को गिरफ्तार किया गया तो पूरी भीम आर्मी और पूरा समाज धरने पर बैठ जाएगा। लाखों लोग जेल भरो आंदोलन करेंगे और गिरफ्तारी देंगे।
सात राज्यों में बढ़ रही है भीम आर्मी
चंद्रशेखर के भाई कमल किशोर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि चंद्रशेखर अपने समाज के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ लड़ रहा है। पुलिस उसको बवाल के मामले में घसीट रही है। कभी नक्सली बताया जा रहा है, कभी करोड़ों के वारे-न्यारे करने वाला बताया जा रहा है। जबकि मुकदमे तो सांसद राघव लखनपाल के खिलाफ भी दर्ज हैं। पुलिस उन्हें क्यों नहीं गिरफ्तार कर रही है। चंद्रशेखर के साथ पूरा समाज है। भीम आर्मी लगातार बढ़ रही है। अब सात राज्यों में भीम आर्मी के सदस्य हो चुके हैं।
9 मई को कहकर गया था आने की, अब तक नहीं आया
चंद्रशेखर की मां कमलेश देवी ने कहा कि 9 मई को चंद्रशेखर घर से तैयार होकर गया था। उसने कहा था कि वह जल्दी आ जाएगा। लेकिन अब तक नहीं आया। शासन प्रशासन ने उसे झूठा फंसा दिया है। उसे पकड़ने के लिए स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को गिरफतार कर लिया है। चंद्रशेखर उन बच्चों को छोड़ने पर सरेंडर करने की बात कह रहा है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/