महंगाई को लेकर कांग्रेस का भारत बंद मेरठ में बेअसर रहा। हालांकि नेताओं ने कमिश्नरी पार्क पर प्रदर्शन कर पुतला फूंका और गिरफ्तारी दी। पुलिस ने नेताओं को पकड़कर पुलिस लाइन भेजा। दूसरी तरफ रालोद ने बैलगाड़ी और भैंसा बुग्गी लेकर बेगमपुल पर प्रदर्शन किया। नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार तमाम मोर्चे पर फेल रही है। डीजल और पेट्रोल के दामों में आग लगी है, रुपया कमजोर हो गया इसके अलावा रोजगार देने का वादा भी फेल हो गया। शहर में समाजवादी पार्टी ने भी बंद का समर्थन करते हुए प्रदर्शन किया।
सहारनपुर में बंद का असर कहीं नजर नहीं आया। घंटाघर पर कांग्रेसियों ने धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता कुछ गाड़ियों में शहर की दुकानों को बंद कराने का प्रयास करते रहे। इसी तरह शामली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक पर धरना दिया। यहां भी बंद का कोई असर नहीं दिखा बल्कि रोज की ही तरह बाजार और दुकानें खुली रहीं।
मुजफ्फरनगर में भारत बंद बेअसर रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। झांसी रानी चौक पर धरना देकर गिरफ्तारी दी। जनपद के बाजार खुले रहे और कस्बे में रोजाना की तरह ही आवा जाही बनी रही।