सहारनपुर में गांव मिर्जापुर स्थित बिजलीघर पर तैनात जेई पर उपभोक्ताओं के साथ अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए भाकियू कार्यकर्ता ने उन्हे बंधक बनाकर धरने पर बैठा लिया। घंटों चले हंगामे के बाद एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
गुरुवार को गांव मिर्जापुर स्थित 33/11 केवीए बिजली घर पर तैनात जेई मुकेश कुमार पर किसानों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। मौके पर पहुंचे भाकियू जिला उपाध्यक्ष चौधरी जगपाल सिंह के नेतृत्व में किसान बिजली घर प्रांगण में ही धरने पर बैठ गए। इसी दौरान आरोपी जेई को भी किसानों ने अपने बीच धरने पर बैठा लिया। किसानों का आरोप था कि जेई किसानों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। हंगामे की सूचना पाकर एसडीओ सुधीर कुमार बिजली घर पर पहुंचे। उन्होंने किसानों के बीच बैठकर उनकी बात सुनीं और हर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। एसडीओ और जेई द्वारा किसानों को भरोसा दिलाया गया कि उपभोक्ताओं के साथ सद्व्यवहार किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन करने वालों में सेवाराम, शेरपाल राणा, तहसील उपाध्यक्ष अशोक चौहान, सुरेंद्र सिंह, बोबी राणा, हरबीर राणा, बेदपाल सिंह, प्रदीप पंवार, प्रीतम सिंह आदि किसान शामिल रहे। उधर, जेई ने दुर्व्यवहार के आरोपों को मिथ्या बताया। जबकि एसडीओ सुधीर कुमार का कहना था कि क्षेत्रीय किसानों को कुछ गलतफहमी हो गई थी। मिल-बैठकर मामला सुलझा लिया गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/