आगा खालिद शाह फाउंडेशन की ओर से आयोजित मैत्री में वीर अब्दुल हमीद टीम को हराया
- ललित गुर्जर ने 54 गेंदों पर बनाए 122 रन बनाए
जॉर्ज स्टीफन बने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। आगा खालिद शाह फाउंडेशन की ओर से आयोजित मैत्री क्रिकेट मुकाबले में शहीद-ए-आजम भगत सिंह टीम ने वीर अब्दुल हमीद टीम को हराकर जीत दर्ज की। लगातार तीसरे वर्ष आयोजित मुकाबले में खिलाड़ियों ने आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। विजेता टीम को ट्रॉफी आगा खालिद शाह के पोते मुहम्मद खालिद ने भेंट की।
मैच में भगत सिंह टीम की ओर से ललित गुर्जर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों पर 122 रन बनाए। उनकी पारी में 10 छक्के और 10 चौके शामिल रहे। जफर प्रधान ने 21 और रेहान खान ने 36 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में आदित्य सिंह ने चार ओवर में दो विकेट लिए, जबकि ललित गुर्जर ने भी चार ओवर में दो विकेट हासिल किए। जवाब में वीर अब्दुल हमीद टीम की ओर से ऋषभ जैन ने 26 गेंदों पर 54 रन बनाए। उनकी पारी में तीन छक्के और पांच चौके शामिल रहे। जॉर्ज स्टीफन ने तीन ओवर में 13 रन देकर तीन विकेट लिए और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार हासिल किया।
मुकाबले में वरिष्ठ खिलाड़ियों के लिए सात ओवर और अन्य खिलाड़ियों के बीच 18 ओवर का खेल रखा गया। क्रिकेट के साथ लेमन स्पून रेस, रिले रेस और पेनल्टी शूटआउट जैसी प्रतियोगिताएं भी कराई गईं।
विजेता शहीद-ए-आजम भगत सिंह टीम की कप्तानी दीपक शर्माए वीर अब्दुल हमीद टीम की कप्तानी जॉर्ज स्टीफन ने की। टीम में सुहैल शाह, अतुल प्रधान, ठाकुर प्रतीश, शाहरुख बंटी आदि ने खेला। आयोजन में असद गालिब ने खेल सामग्री उपलब्ध कराई। फाउंडेशन की ओर से खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न और ट्रॉफी दी गई। इस अवसर पर सरधना विधायक अतुल प्रधान, सूर्यदेव त्यागी, समर कुरैशी, नीरज गुप्ता, इंस्पेक्टर आदित्य कुमार, जीशान कुरैशी, रविंद्र एडवोकेट, शाकिर कुरैशी, दिलशाद अंसारी और जाकिर हसन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।