स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। तीन और महिलाओं को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें से एक महिला की मृत्यु हो गई है, जबकि चार अन्य लोगों में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए हैं। जांच के लिए इनकेसैंपल निजी लैब में भेजे गए हैं।
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि हापुड़ की रहने वाली ओमवती (60) 21 जुलाई से आईआईएमटी लाइफ लाइन अस्पताल में भर्ती थी। सोमवार दोपहर उनकी गले की लार का एक सैंपल जांच के लिए मेडिकल अस्पताल की माइक्रोबायोलॉजी लैब में भेजा गया था। मंगलवार को जिसकी रिपोर्ट आई है, जिसमें स्वाइन फ्लू होना पाया गया है। वहीं सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे उनकी मृत्यु हो गई थी। इनकेअलावा निजी अस्पताल में भर्ती कोमल (22) निवासी पंचशील और कंकरखेड़ा निवासी पूनम (31) को भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इन दोनों को हाई रिस्क ग्रुप में रखा गया था। दोनों ही महिलाओं को दिल्ली रेफर कर दिया गया है।