सरूरपुर। कांवड़ यात्रा 12 जून से शुरू होने वाली है। देशभर से लाखों की संख्या में शिवभक्त बोल बम के जयकारों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे। सरूरपुर रजबहे की पटरी से होकर गुजरने वाले प्रमुख कांवड़ मार्ग पर सफर करने वाले इन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन को हर साल पहले से तैयारी करनी होती है, लेकिन टूटी रजबहे की पटरी की मरम्मत का कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है। पटरी पर जगह-जगह गड्ढ़े बने हुए हैं। इस पर शिव भक्तों के लिए सफर करना आसान नहीं होगा।
सरूरपुर क्षेत्र में रजबहे की पटरी कांवड़ मार्ग का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। जो पुरा महादेव जैसे प्रसिद्ध शिव मंदिर की ओर जाने वाले हजारों कांवड़ियों का प्रमुख रास्ता है। लेकिन रजबहे की पटरी इस समय बदहाली की स्थिति में है। जगह-जगह सड़क में गहरे गड्ढे हैं, कई हिस्सों में रजबहे की पटरी पूरी तरह टूट चुकी है। इस कारण कांवड़ियों के लिए समस्या पैदा कर सकती है।
स्थानीय निवासी, बुद्ध सिंह, कपिल, डॉ. संजू, सहदेव, राजकुमार करनावल, राहुल जडौदिया, अंकुर फोगाट ने बताया कि हर साल यही होता है। यात्रा के कुछ दिन पहले प्रशासन दो-चार जगह मिट्टी डालकर सड़क के गड्ढ़ों को भरवा देते हैं। इस कारण शिव भक्तों को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ता है। पुरा महादेव जाते समय सड़क में गड्ढे कांवड़ियों के पैरों में छालों का कारण बन सकते हैं। बारिश होने पर कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन जाती है। इसे लेकर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इसे ठीक कराने की मांग की है।
एसडीएम दीक्षा जोशी का कहना है कि कांवड़ यात्रा से पहले रजबहे पटरी की मरम्मत करा दी जाएगी। किसी भी शिवभक्त को कोई समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।