बीएड परीक्षा फॉर्म जमा करने में कॉलेज नखरे कर रहे हैं। कॉलेजों ने छात्रों से पहले फीस जमा करने की शर्त रख दी है। इससे एससी और एसटी वर्ग के छात्र परेशान हैं। क्योंकि अभी सैकड़ों छात्रों की शुल्क प्रतिपूर्ति नहीं आई है। वहीं सीसीएसयू ने भी जल्द फीस जमा करने को कहा है, इससे कॉलेजों के तेवर और सख्त हो गए हैं। फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 25 अगस्त है। अगले दो दिन में हंगामे के आसार हैं।
सीसीएसयू बीएड सत्र 2014-15 के एग्जाम फॉर्म ऑनलाइन भरवा रही है। 23 अगस्त तक ऑनलाइन फॉर्म भरे गए और फीस जमा हुई। कॉलेजों में फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 25 अगस्त और कॉलेजों द्वारा विवि के बीएड विभाग में फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 28 अगस्त है।
कॉलेज ऐसे एससी और एसटी छात्रों के फार्म जमा नहीं कर रहे, जिनकी शुल्क प्रतिपूर्ति नहीं आई है। जिस शासनादेश में विवि को यह अधिकार दिया है कि फीस नहीं आने पर रिजल्ट रोका जा सकता है, उसी में यह भी है कि फीस की वजह से छात्रों को परीक्षा से वंचित नहीं किया जा सकता। विवि ने कॉलेजों के लिए आदेश जारी किया है कि क्योंकि शुल्क प्रतिपूर्ति आ चुकी है, इसलिए छात्रों से परीक्षा शुल्क लेना सुनिश्चित करें।
आदेश मिलने के बाद कॉलेज और सख्त हो गए हैं। परीक्षा से वंचित नहीं करने की बात पर न तो विवि ध्यान दे रहा और न ही कॉलेज। कई कॉलेजों के छात्र इस बारे में डीएम और समाज कल्याण अधिकारी से मिले हैं। अधिकारियों ने फार्म जमा कराने का आश्वासन दिया और पत्र लिखा। लेकिन कॉलेज नहीं मान रहे। सोमवार और मंगलवार को फार्म जमा होने को लेकर टकराव हो सकता है।