विश्वविद्यालय ने जारी किए निर्देश,पंजीकृत और मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों को मिलेगा प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2026-28 के बीएड द्विवर्षीय पाठ्यक्रम में अल्पसंख्यक कोटे के तहत प्रवेश के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों और संस्थानों में अल्पसंख्यक कोटे के प्रवेश की प्रक्रिया आज से बंद हो जाएगी।
कॉलेजों को चार नवंबर तक प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की सूची हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी में विश्वविद्यालय के बीएड सेल में जमा करनी होगी। विश्वविद्यालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, सामान्य और पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए विज्ञान, वाणिज्य, सामाजिक विज्ञान और मानविकी वर्ग में स्नातक या परास्नातक में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है।
गणित एवं विज्ञान में विशेषज्ञता वाले बीई और बीटेक अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए स्नातक या परास्नातक उत्तीर्ण होना आवश्यक है। विशेष वर्ग के अभ्यर्थियों को शासनादेश के अनुसार शैक्षिक अर्हता में छूट मिलेगी। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा, जिन्होंने विश्वविद्यालय पोर्टल पर पंजीकरण कराया है, संबंधित कॉलेज का विकल्प भरा है और उस कॉलेज की मेरिट सूची में नाम शामिल है।
विद्यार्थी एक बार अपनी पसंद के कॉलेज में प्रवेश की पुष्टि करा लेता है तो उसे दूसरे कॉलेज में स्थानांतरित होने का मौका नहीं मिलेगा। कॉलेजों को प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की सूची चार नवंबर तक उप कुलसचिव (परीक्षा), बीएड सेल, कक्ष संख्या 210 में जमा करनी होगी।