मौके पर पहुंचे संजीव बालियान और मामले की जांच करते पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के प्रचार में लगी कार की खालापार में एक बाइक से साइड लगने पर हंगामा हो गया। लोगों ने कार पर पथराव करते हुए चालक और कार सवार भाजपा प्रत्याशी के समर्थक के साथ मारपीट की। इसकी जानकारी पाकर भाजपा प्रत्याशी संजीव बालियान भी मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर एक बार तनातनी बन गई।
सूचना पर पुलिस अफसर भी फोर्स के साथ पहुंच गए। बाद में अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत किया। कार चालक की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
भाजपा प्रत्याशी डॉ. संजीव बालियान के प्रचार में लगी एक कार शनिवार देर रात करीब साढ़े दस बजे क्षेत्र में प्रचार करके शहर लौट रही थी। खालापार में आते हुए कार की साइड बाइक से लग गई। इसी बात को लेकर बाइक सवार ने कार चालक दीपक को रोक लिया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने कार पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए। साथ ही चालक दीपक के साथ मारपीट कर दी। कार में सवार भाजपा प्रत्याशी के समर्थक ने विरोध किया तो लोगों ने उसके साथ भी मारपीट की। इस घटना को लेकर खूब हंगामा हुआ। सूचना पर एसपी सिटी सतपाल अंतिल पुलिस फोर्स समेत मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत किया। कार चालक दीपक की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ घटना के संबंध में शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी ले लिया है।
एसपी सिटी ने बताया कि कार और बाइक की साइड लगने को लेकर मारपीट हुई। कार का शीशे भी तोड़ा गया। इस संबंध में तहरीर मिल गई है, पुलिस कार्रवाई कर रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/